लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र के रहिमाबाद स्थित लालूहार गांव में सोमवार तड़के सुनील के घर की कच्ची छत गिर गई। मलबे में दबने से उसके बेटे कार्तिक (7) और बेटी नीशू (4) की मौत हो गई जबकि पत्नी सुधा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास मिला है जिसका निर्माण कार्य चल रहा था। उसकी छत पड़नी बाकी है। निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का काम होने की वजह से सुधा अपने दोनों बच्चों के साथ पुराने कच्चे मकान में सो रही थी।
प्रभारी निरीक्षक मलिहाबाद नित्यानंद के मुताबिक, मलिहाबाद के रहिमाबाद इलाके में ग्राम पंचायत गढ़ी जिंदौर का मजरा लालूहार है। इस मजरे में सुनील परिवार समेत रहता है। सुनील पेशे से मजदूर है। हाल में ही सुनील को प्रधानमंत्री आवास मिला है जिसका वह निर्माण करवा रहा है। सिर्फ छत पड़नी बाकी है। इसके लिए शटरिंग भी लग गई थी। रविवार रात को सुनील अपने दस साल के बेटे आदित्य व मां भगाना के साथ बाहर सो रहा था। वहीं उसकी पत्नी सुधा दो बच्चों कार्तिक व नीशू के साथ कच्चे हिस्से वाले मकान में सो रही थी। सोमवार सुबह करीब चार बजे अचानक कच्चे मकान की छत गिर गई जिसके मलबे में तीनों दब गए।
अचानक तेज धमाके से गिरी छत
सुनील के मुताबिक, सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। उसकी आंख खुली तो मिट्टी का कच्चा मकान गिर गया था। अंदर उसकी पत्नी सुधा, बेटा कार्तिक व बेटी नीशू दब गए थे। सुनील ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाहर निकले। पड़ोसियों ने मलबा हटाया तो अंदर तीनों बेसुध पड़े थे। तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने कार्तिक व नीशू को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुधा की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी पर एसडीएम हनुमान प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा आदि ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मां को नहीं बच्चों की मौत की खबर
हादसे के बाद मां सुधा को होश नहीं था। उनका इलाज लखनऊ में बुद्घेश्वर के पास निजी अस्पताल में चल रहा है। अभी तक किसी ने बच्चों की मौत की जानकारी उसे नहीं दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सुधा जब अपने बेटे और बेटी की मौत की खबर सुनेगी तो उस पर क्या बीतेगी। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।