मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नये भारत’ का जो संकल्प लिया है उसे साकार करने के लिए देश के युवकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नए भारत के युग निर्माता के रूप में सभी युवाओं को अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभानी होगी।24वें राष्ट्रीय युवा उत्सव-2021 के अंतर्गत मंगलवार को राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कही।
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली यूपी की मुदिता मिश्रा को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश व प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं व कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। युवा वर्ग को रोजगार के विशेष अवसर सुलभ कराने के लिए ‘मिशन रोजगार’ अभियान की शुरूआत की गई है। इस अवसर पर युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, अपर मुख्य सचिव युवा कल्याण डिंपल वर्मा, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद और सूचना निदेशक शिशिर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।