लखनऊ में ठाकुरगंज थानाक्षेत्र के सराय माली खान इलाके में बुधवार सुबह टहलने निकले स्कूल संचालक गंगा प्रसाद साहू (84) को बदमाशों ने घेर लिया। इसके बाद उनकी पिटाई कर चेन लूट ले गए। बदमाशों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन ठाकुरगंज पुलिस मामले को छिपाने में लगी रही। दोपहर तक उच्च अधिकारियों को वारदात की जानकारी तक नहीं थी। बुजुर्ग की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
बजरंगी लाल साहू इंटर कॉलेज के संस्थापक गंगा प्रसाद साहू परिवार संग चौक के नाई बाड़ा दर्जी की बगिया में रहते हैं। सुबह वे घर से टहलने निकले थे। कालीचरण डिग्री कॉलेज के पीछे स्थित सरस्वती मंदिर के गेट के पास दो बदमाशों ने उन्हें बहाने से रोक लिया।
इसके बाद बुजुर्ग को पीटा और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन लूटकर भाग निकले। करीब 4:45 बजे हुई वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बुजुर्ग के भतीजे सुनील ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई।