लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के हरिहरपुर गांव में शनिवार को स्कूटी व बाइक की टक्कर के बाद हुए बवाल और फायरिंग के मामले में रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित बजरंग रावत की तहरीर पर भू-माफिया दुर्गा यादव सहित सात नामजद समेत कुल 19 लोगों पर डकैती व जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने पीछा कर घर में घुसकर मारपीट व फायरिंग की थी। हमले में दो लोगों को गोली लगी थी जिसमें एक की हालत गंभीर है। उसका रविवार को ऑपरेशन किया गया है। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सुशांत गोल्फ सिटी इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी विशाल रावत की शनिवार को मैरिज एनिवर्सरी थी। इसको लेकर घर में पार्टी की तैयारी हो रही थी। विशाल का पड़ोसी शिवा गौतम केक लेने के लिए स्कूटी से जा रहा था। तभी सामने से आ रहे रेवतापुर निवासी दो लोगों की बाइक से स्कूटी की टक्कर हो गई। इस पर शिवा की बाइक सवार दो युवकों से कहासुनी हो गई। बाइक सवार लोगों ने अपने साथियों को फोन कर दिया। कुछ ही देर में रेवतापुर गांव का राजेश उर्फराजू यादव, जनार्दन यादव, अजय उर्फ बच्चा यादव चारपहिया व दोपहिया वाहनों से दर्जनभर लोगों को लेकर हरिहरपुर पहुंच गया। इसके बाद नौमिलाल व बजरंग के भांजे दिलीप ने हमला कर दिया। इसकी जानकारी होने पर बजरंग रावत के परिवार के साथ गांव केकुछ लोग वहां पहुंच गए। हमलावरों ने उनको भी घेर कर हमला किया।
घर में घुसकर किया उपद्रव और फायरिंग
बजरंग रावत का आरोप है कि हमलावरों से बचने के लिए वह अपने घर की तरफ भागा तो उसका पीछा किया। घर के अंदर घुसकर हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक बवाल किया। जब सभी बेसुध हो गए तो वहां से भाग निकले। हमले में राजेश को सीने में और नौमिलाल को हाथ में गोली लगी है। रविवार को गंभीर रूप से घायल राजेश का ऑपरेशन किया गया। वहीं बजरंग रावत, एरिता, विशाल, दिलीप भी लहूलुहान हो गए थे।
पुराने मुकदमे को वापस लेने की दे रहे थे धमकी
बजरंग रावत का आरोप है कि इन हमलावरों में शामिल जयप्रकाश यादव, जनार्दन यादव और राजू उर्फ राजेश के परिवारीजनों ने अक्तूबर 2015 में उसके पिता भीख रावत की हत्या कर दी। इस मामले में भू-माफिया दुर्गा यादव, राजकुमार यादव और महेश वर्मा आरोपी थे। इस मामले की विवेचना सीबीसीआईडी द्वारा किया जा रहा है। सीबीसीआईडी ने इस मामले में आरोप पत्र तैयार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट भी हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मुकदमे को वापस लेने की धमकी बजरंग रावत को लगातार दी जा रही थी। उसे धमकी दी गई थी कि अगर वह मुकदमा वापस नहीं लेता है तो उसे भी जान से मार देंगे। इसी साजिश के तहत दुर्गा यादव, राजकुमार यादव, जयप्रकाश यादव, जर्नादन यादवच, राजू यादव उर्फ राजेश यादव, विजय यादव, अजय यादव उर्फ बच्चा सहित 12 अन्य लोगों ने हमला किया। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने बजरंग रावत की तहरीर पर इन सभी पर डकैती, जानलेवा हमला, एससीएसटी एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।