डकैती का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखनऊ। गुडंबा में 28 नवंबर को कार एजेंसी कर्मी व उनके परिवार को मकान में बंधक बनाकर डकैती डालने वाले दो बदमाशों से शुक्रवार रात रजौली नहर के पास पुलिस मुठभेड़ हो गई। बाराबंकी के घुंघटेर निवासी सैफ के दाएं पैर में गोली लगी है। साथी हलीम भाग निकला। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था।
एडीसीपी नॉर्थ जितेंद्र दुबे के मुताबिक गुडंबा में रजौली नहर के पास शुक्रवार रात इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक से सैफ व हलीम आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो सैफ ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सैफ के दायें पैर में गोली लग गई। पुलिस को आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक, तमंचा, सुतली बम व कारतूस बरामद हुआ है।
28 नवंबर को सीवां गांव निवासी कार एजेंसी कर्मचारी श्रीराम रावत उर्फ सूरज के घर में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती डाली थी। पुलिस ने पैकरामऊ निवासी चांद बाबू उर्फ चंदू, नुरुल, भाखामऊ निवासी फाजिद और अजरामऊ निवासी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथी सैफ व हलीम की तलाश में जुटी थी।