भदैंया के पखरौली में कंपोजिट विद्यालय के पास लगा संकेतक। संवाद
भदैंया। पखरौली स्कूल के गेट पर ई रिक्शा की टक्कर से कक्षा एक की छात्रा की पिछले दिनों हुई मौत के बाद शिक्षा विभाग ने सड़क किनारे स्थित सभी विद्यालयों के पास संकेतक बोर्ड लगवाने का कार्य शुरू कर दिया है। संकेतक लगने से बच्चे सतर्क हो सकेंगे।
बीएसए उपेंद्र गुप्ता के निर्देश पर सड़क किनारे स्थित सभी सरकारी और निजी परिषदीय स्कूलों के सामने सूचना बोर्ड लगाकर वाहनों के धीमे चलने का बोर्ड लगाया जा रहा है। अभियाकला जूनियर स्कूल, अभियाकला प्राइमरी, पखरौली कंपोजिट स्कूल, हनुमानगंज स्थित निजी पब्लिक स्कूल सहित 30 स्कूलों के बाहर सड़क की पटरी पर बोर्ड लगा दिए गए हैं। खंड शिक्षाधिकारी भदैया शिवशंकर मिश्रा ने बताया कि सड़क पर स्थित निजी व परिषदीय स्कूलों को बोर्ड लगाने को कहा गया है। 30 जुलाई तक सभी स्कूलों के पास बोर्ड लग जाएंगे।