रायबरेली। जिले के किसानों को डीएपी की समस्या से कुछ राहत मिलने वाली है। जिले में दो रैक मिल गई है। खाद यहां पहुंच गई है। अब साधन सहकारी समितियों के माध्यम से खाद का वितरण कराया जाएगा।
जिले में पिछले एक सप्ताह से डीएपी की किल्लत से किसानों को जूझना पड़ रहा है। हाल ये है कि जिले की 250 साधन सहकारी समितियों में खाद की कमी है। इससे किसान आलू, चना, सरसों की फसल की बोआई नहीं कर पा रहे हैं। इस समस्या को दूर कराने के लिए डीएम ने खाद की डिमांड की थी।
शहर के शक्तिनगर स्थित रेलवे साइट पर शनिवार और रविवार को खाद की एक-एक रैक को उतारा गया। कुल 1375 मीट्रिक टन खाद जिले में आई है। अब ट्रकों के जरिए खाद को साधन सहकारी समितियों में भिजवाया जाएगा। इसके बाद खाद का वितरण शुरू हो सकेगा। दो रैक आने से अभी ज्यादा किसानों को राहत नहीं मिल पाएगी, क्योंकि किसानों की संख्या अधिक है। कृषि विभाग का दावा है कि खाद की कमी को दूर कराया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि डीएपी की कमी जल्द खत्म हो जाएगी। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। रबी की बोआई से पहले पर्याप्त मात्रा में डीएपी सहकारी समितियों में होगी।