लखनऊ। शहीद पथ व लोहिया पथ की सड़कें चमकाने पर करीब 51.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे इन पर सफर करना और सुहाना होगा। शासन ने मरम्मत कार्य के लिए रकम स्वीकृत करते हुए इनमें से 14.61 करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिए। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कर दिया है, जो दीपावली तक पूरा कर लिया जाएगा।
शासन ने शहीद पथ की सड़क, अंडरपास व सर्विस लेन की सड़कों को पूरी तरह से बेहतर करने का आदेश दिया है। इसकी वजह वीआईपी मूवमेंट होना बताया जा रहा है। इसके साथ ही विभाग की सड़कों के गड्ढे भरने की मुहिम भी चल रही है। कुर्सी रोड, सीतापुर रोड व अयोध्या रोड पर बारिश के दौरान सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को समतल किया जा रहा है।
शहीद पथ पर खर्च होंगे 41.74 करोड़ रुपये
लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि शहीद पथ की मरम्मत पर कुल स्वीकृत रकम में से 41.74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहीद पथ पर पिछले दिनों गोमतीनगर विस्तार के गोमती पुल के पास रैंप की सड़क की मरम्मत का काम शुरू हुआ है। इकाना स्टेडियम के पास के रैंप की सड़क की मरम्मत हो चुकी है। अभियंताओं का कहना है कि रात को वाहनों का लोड ज्यादा होने से काम कराने में असुविधा हो रही है।
आधुनिक तकनीक से बना रहे लोहिया पथ
पॉलीटेक्नक चौराहे से कालीदास मार्ग चौराहे तक लोहिया पथ की सड़क की मरम्मत आधुनिक तकनीक से की जा रही है। अभियंताओं ने बताया कि खास रसायनयुक्त सामग्री से चार से छह मिमी. की मोटाई में सड़क को मजबूत बनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पॉलीटेक्नक चौराहे की ओर से की गई है। इस सड़क के लिए शासन ने 10 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए हैं।
शहीद पथ पर चल रहा मरम्मत का काम।