यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत निवेश लाने के लिए बुधवार को लखनऊ में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। इसमें शामिल हुए विभिन्न राज्यों के निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में 76867 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा। इस दौरान 79 एमओयू साइन किए। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल ने कहा कि उद्यमियों का यूपी में निवेश पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा। मेक इन यूपी ब्रांड पूरी दुनिया में छाएगा।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रोड शो में कहा कि निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए एक कदम आगे बढ़ाएंगे तो हम चार कदम आगे बढ़ा कर उनका स्वागत करेंगे। 2017 के बाद यूपी में 1800 करोड़ रुपये का इंसेंटिव उद्यमियों को दिए जा चुका है। आज निवेश के लिए अद्भुत स्थान बन चुके उत्तर प्रदेश की चर्चा न सिर्फ भारत में, बल्कि विश्व के विभिन्न देशों में हो रही है। वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में जहां केवल दो एयरपोर्ट संचालित थे, जहां 24 उड़ाने ही उपलब्ध थी। वहीं, आज एयरपोर्ट की संख्या 7 पहुंच गई है। जहां से प्रति दिन 90 उड़ान हो रही है। कई एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। देश का सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है। यह सब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से संभव हुआ।
ये भी पढ़ें - निवेशक सम्मेलन में डिप्टी सीएम बोले, यूपी में पहले गुंडे खुलेआम घूमते थे, आज दुनिया निवेश को उत्सुक
ये भी पढ़ें - लखनऊ के मशहूर जायकों का लुत्फ उठा सकेंगे रेल यात्री, लोकल फूड वेंडरों को पंजीकृत कर रहा आईआरसीटीसी
कनाडा के मिनिस्टर ऑफ मेंटल हेल्थ एंड एडिक्शन मिशेल टिबोलो ने कहा कि यूपी गति से आर्थिक प्रगति की ओर अग्रसर है। यहां की कानून व्यवस्था भी सराहनीय है। रोड शो में दिल्ली, बेंगलुरू, नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद, उड़ीसा, कानुपर, शामली, लखनऊ, छतरपुर और मुंबई से आए निवेशकों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन एमओयू पर हस्ताक्षर किया। सिटी गोल्ड कॉरपोरेशन ने उत्तर प्रदेश में सीमेंट और एथेनॉल प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए 26 हजार करोड़ के एमओयू साइन किए। नेक्सजेन एनर्जिया ने ग्रीन एनर्जी का सेटअप स्थापित करने के लिए 15000 करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किया। हल्दीराम समूह के संजय सिंघानिया ने 1300 करोड़, वरुण बेवरेजेज के कमलेश जैन ने 3400 करोड़, डीएस ग्रुप के एमडी एमएल जायसवाल ने 3000 करोड़ और निदान डायग्नोस्टिक सेंटर ने 750 करोड़ के एमओयू पर साइन किया।
इसके अलावा 50 से 500 करोड़ के चार दर्जन से अधिक ऑनलाइन और ऑफ लाइन एमओयू साइन हुए। उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की इंडस्ट्री पॉलिसी की सराहना की। उद्यमियों ने कहा आज यूपी निवेश के लिहाज से सर्वोच्च प्राथमिकता वाला राज्य बन गया है, जबकि वर्ष 2017 से पहले यह स्थिति नहीं थी। इन एमओयू के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेटल इंडस्ट्रीज, फूड एंड बेवरेजेज, पेपर, ग्रीन एनर्जी और इस्पात आदि विभिन्न क्षेत्रों में उद्योग स्थापित होंगे। इसके जरिये हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेंगे।
रोड शो को उद्यमी सर्वेश गोयल, अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार, सचिव औद्योगिक विकास अभिषेक प्रकाश, केंट आरओ के चेयरमैन महेश गुप्ता, क्रिस्टल ग्रुप के चेयरमैन नंद किशोर अग्रवाल, हल्दीराम के संजय सिंघानिया और वरुण बेवरेजेज के चेयरमैन कमलेष कुमार जैन ने मुख्य रूप से संबोधित किया।