14 लाख की लागत से दुरुस्त होगी नवीन गली मार्ग की सेहत
- जलनिकासी से निजात दिलाने के लिए नाली भी बनेगी
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
जलालपुर। जलालपुर नगर में करीब 14 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 300 मीटर सड़क पर जल्द ही लोग फर्राटा भर सकेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले जमालपुर चौराहे से नवीन गली मार्ग पर इंटरलॉकिंग लगाने का जो कार्य रुका था उसे पूरा कराने के लिए नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संबंधित ठेकेदार को अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया है। जुलाई के प्रथम पखवारे में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। सड़क के दोनों तरफ जलनिकासी के लिए नाली भी बनवाई जाएगी।
गौरतलब है कि जलालपुर नगर में जमालपुर चौराहे से नवीन गली को जोड़ने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने 300 मीटर लंबे मार्ग पर इंटरलॉकिंग ईंट लगवाने का निर्णय लिया था। इसके अलावा जलनिकासी समस्या से जूझ रही आबादी को निजात दिलाने के लिए सड़क के दोनों तरफ नाली निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया था। इस पर करीब 14 लाख रुपये खर्च का बजट तैयार हुआ। प्रस्ताव व बजट की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया आयोजित की गई। इस बीच देश में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई। इसके चलते संबंधित मार्ग पर इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका। ऐसे में अब चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने दोबारा कार्य को संज्ञान में लेते हुए अविलंब निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है।
पालिकाध्यक्ष फरजाना खातून ने बताया कि ठेकेदार को निर्देशित किया गया है कि वह अविलंब काम शुरू कराए, जिससे जुलाई के प्रथम पखवारे में इंटरलॉकिंग व नाली का निर्माण पूरा हो जाए। संबंधित कार्य होने पर करीब पांच हजार की आबादी को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। बताया कि नगर के अन्य वार्डों में भी विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। कार्यों की गुणवत्ता व तय समयसीमा के अंदर पूरा कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।