लखनऊ। क्वालिफायर से मुख्य ड्राॅ में पहुंचे यूपी के ऋषि यादव व हरियाणा के सुनील कुमार ने स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में उलटफेर भरी जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। ला-मार्टीनियर टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट के सोमवार को पहले दौर में यूपी के छठीं वरीय अंशुमान सिंह और क्वालीफायर वंश यादव व चिन्मय देव चौहान ने भी जीत दर्ज की।
पहले दौर में यूपी के ऋषि यादव जब 6-3, 2-0 से आगे थे तभी प्रतिद्वंद्वी पांचवीं वरीय महाराष्ट्र के तनिष्क जाधव ने मैच छोड़ दिया। वहीं क्वालिफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने सातवीं वरीय हरियाणा के प्रशांत को 6-0, 6-0 से हराकर दूसरा उलटफेर किया। क्वालिफायर यूपी के वंश यादव ने दिल्ली के सौरव कुमार यादव को एक रोमांचक मुकाबले में डबल टाईब्रेक में 7-6 (2), 7-6 (3) से हराकर जीत दर्ज की। क्वालिफायर से ही मुख्य ड्राॅ में पहुंचे यूपी के चिन्मय देव चौहान ने उत्तराखंड के अर्णव को 6-1, 6-1 से हराते हुए दूसरे दौर में स्थान सुरक्षित किया। छठीं वरीय यूपी के अंशुमान सिंह ने बिहार के वैभव सिंह के खिलाफ 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की।
अन्य मैचों में हरियाणा के हर्ष मलिक ने पश्चिम बंगाल के आदित्य को 6-4, 6-4, दूसरी वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने पश्चिम बंगाल के जसराज को 6-4, 6-2, तीसरी वरीय पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी ने हरियाणा के आर्यन को 6-4, 6-3, राजस्थान के अमित ने हरियाणा के प्रिंगल को 6-1, 6-1, केरल के कौशिक ने चौथी वरीय दिल्ली के रिकी चौधरी को 7-5, 6-2 और दूसरी वरीय मुकिल रामानन ने यूपी के अनुरुद्ध कुमार को 6-1, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय दीक्षित (आईआरएस, सदस्य, जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण, लखनऊ) ने किया।