लखनऊ। भारतीय टीम के सदस्य स्टार क्रिकेटर और हांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता अलीगढ़ के रिंकू सिंह क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (आरएसओ) और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम के सदस्य गाजीपुर के राजकुमार पाल पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बनेंगे। इन दोनों को मिलाकर प्रदेश के कुल छह अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से नौकरी दी जाएगी। राजभवन में मंगलवार को शाम पांच बजे होने वाले सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौपेंगे।
इस सूची में पेरिस पैरालंपिक की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक विजेता गौतमबुद्धनगर के प्रवीण कुमार को डीएसपी, पेरिस पैरालंपिक की भाला फेंक स्पर्धा में रजत जीतने वाले इटावा के अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी, पेरिस पैरालंपिक की 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली गाजियाबाद की सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी, पेरिस पैरालंपिक की 100 और 200 मीटर में कांस्य जीतने वाली मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी बनाया गया है। सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले नौ खिलाड़ियों को वर्ष 2024-25 के लिए लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड दिया जाएगा।
इसके अंतर्गत खिलाड़ियों को तीन लाख 11 हजार रुपये के अलावा कांस्य प्रतिमा दी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के 14 खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ 64 लाख की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही 19 अन्य खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष के तहत 8.75 लाख रुपये दिए जाएंगे।