लखनऊ। कैसरबाग बस अड्डे से दुधवा नेशनल पार्क होते हुए गौरीफंटा तक चल रही एसी बसों में सीटों की ऑनलाइन बुकिंग परिवहन निगम की वेबसाइट upsrtc.up.gov.in पर शुरू कर दी गई है। यह बस कैसरबाग बस अड्डे से सुबह आठ बजे चलकर सीतापुर, लखीमपुर, पलिया होते हुए दोपहर डेढ़ बजे दुधवा नेशनल पार्क और दोपहर दो बजे गौरीफंटा पहुंचेगी। वापसी में गौरीफंटा से दोपहर तीन बजे चलकर साढ़े तीन बजे दुधवा, लखीमपुर, सीतापुर होते हुए रात नौ बजे कैसरबाग पहुंचेगी। यात्रियों को दुधवा तक 498 और गौरीफंटा तक 536 रुपये किराया देना होगा।