लखनऊ। भारत के ऋभव सरोहा का आईटीएफ जूनियर जे-30 टेनिस टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन जारी रहा। शुक्रवार को युगल खिताब जीतने के बाद उन्होंने शनिवार को एकल खिताब भी अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बालिका एकल खिताब भारत की कार्तिका पद्मकुमार के नाम रहा।
विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के एकल वर्ग में ऋभव का सामना हमवतन क्वालिफायर पार्थिव नल्लागुडल्ला से हुआ। मुकाबले की शुरुआत से ही ऋभव ने अपनी बेहतरीन स्किल से प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बना लिया। बेहद आसान फाइनल में उनकी तेज सर्विस और दमदार ग्राउंड स्ट्रोक का पार्थिव के पास कोई भी जवाब नहीं था। एकतरफा मुकाबले में ऋभव ने एक भी गेम नहीं गंवाया और 6-0-6-0 से अंतर से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के बालिका एकल फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त कार्तिका पद्मकुमार (भारत) का सामना चौथी वरीय हर्षा कार्तिका ओरुगांती (भारत) से हुआ। इसमें कार्तिका ने 6-4, 7-5 से जीत दर्ज की।
मुकाबले के पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इसमें कार्तिका ने 6-4 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में हर्षा से वापसी की और स्कोर 5-5 तक पहुंचा दिया। यहां कार्तिक ने अपनी लय वापस हासिल की और 7-5 केे अंतर से जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि रत्न संजय (आईपीएस, आईजी सशस्त्र सीमा बल) ने एकल के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान यूपी हॉकी के उपाध्यक्ष एके त्रिपाठी (रिटायर्ड आरटीओ), उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, आयोजन सचिव समित केसरी, कर्नल नरेश रजोरा, सुमित घोष, लीना मंगेशकर, रंजीत राज समेत अन्य मौजूद रहे।