लखनऊ। लखनऊ विवि और सहयुक्त महाविद्यालय के विधि (त्रिवर्षीय एवं पंचवर्षीय) प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का संशोधित परीक्षाफल घोषित कर दिया गया है। इसके आधार पर द्वितीय सेमेस्टर के ऑनलाइन परीक्षाफॉर्म लखनऊ विवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in पर समर्थ पोर्टल केे माध्यम से भरने की अंतिम तिथि सात जून निर्धारित की गई है।
लविवि के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों को ऑनलाइन संशोधित परीक्षा फॉर्म भरकर उसकी प्रति संबंधित विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष या निदेशक कार्यालय से सत्यापित करानी होगी। आठ जून तक परीक्षा विभाग में इसे जमा कराना होगा। वहीं संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र अपने महाविद्यालय में निर्धारित परीक्षा शुल्क के साथ संशोधित फॉर्म जमा करेंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के ई-मेल, मोबाइल नंबर, विषय और प्रश्नपत्र संबंधी संशोधन की सुविधा समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। किसी प्रकार की त्रुटि या तकनीकी समस्या होने पर छात्र विवि की ओर से जारी व्हाट्सएप नंबर 7991200609, 7991200506 और ई-मेल samarthexamlugmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।