लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयुक्त महाविद्यालयों के प्रोफेशनल कोर्सों के लिए आयोजित की जाने वाली लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएटेड कॉलेज मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (लुआक्मैट) की तिथि फिर संशोधित की गई है।
लुआक्मैट 22 अगस्त तो लुआक्सैट 23 व 25 अगस्त को तय की गई है। वहीं, प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि भी नेशनल पीजी कॉलेज द्वारा 16 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। पहले यह दो अगस्त थी।
सोमवार को प्राचार्या प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि छह से 10 अगस्त तक प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा अब 22 से 25 अगस्त के बीच होगी।
कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि चूंकि कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सूयीईटी) का आयोजन 20 अगस्त तक किया जा रहा है। इसे देखते हुए कॉलेज ने प्रवेश परीक्षा की तिथि इसके बाद रखी है।
प्रो. सिंह ने बताया कि प्रोफेशनल कोर्सों बीसीए, बीवॉक, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीबीए-एमएस, बीएजेएमसी, बीबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा लुआक्मैट का आयोजन 22 अगस्त को किया जाएगा।
इसी क्रम में बीकॉम व बीएससी मैथ्स की परीक्षा लुआक्सैट का आयोजन 23 अगस्त को और बीएससी बायो, बीए की प्रवेश परीक्षा क्रमश: 23 व 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी 16 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन तभी पूरे माने जाएंगे जब तक वे इंटर का परिणाम अपलोड नहीं कर देंगे।
उन्होंने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश पत्र इसी के बाद जारी किए जाएंगे। परिणाम 27 व 29 अगस्त को जारी किया जाएगा और अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इसके बाद प्रवेश काउंसिलिंग शुरू की जाएगी।
भाषा विवि में प्रवेश आवेदन सात तक
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विवि में प्रवेश आवेदन तिथि सात अगस्त तक बढ़ा दी गई है। पूर्व में यह 31 जुलाई थी। प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. सौबान सईद ने बताया कि सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के 12वीं के परिणाम हाल ही में आए हैं। कई छात्र परिणाम न आने से प्रवेश आवेदन नहीं कर सके थे। इसे देखते हुए प्रवेश समिति द्वारा सर्वसम्मति से प्रवेश तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। विवि की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कालीचरण- खुनखुन जी में काउंसिलिंग शुरू
कालीचरण पीजी कॉलेज में सोमवार से स्नातक कोर्सों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग शुरू कर दी गई है। पहली मेरिट की काउंसिलिंग छह अगस्त तक चलेगी। इसके बाद सीटें खाली रहने पर अगली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। वहीं, खुनखुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में भी स्नातक प्रवेश के लिए आवेदन चल रहे हैं। प्राचार्या डॉ. उमा चौधरी ने बताया कि कॉलेज में बीए में 385 सीटें हैं। इसके लिए जो आवेदन आए थे, उनकी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और बची सीटों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। वहीं, एमए एजुकेशन के लिए भी आवेदन चल रहे हैं।