चारबाग रेलवे स्टेशन पर देर रात पहुंचे अभ्यर्थी पढ़ाई करते हुए। -अमर उजाला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेगी। इससे पूर्व डीएम विशाख जी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों और चारबाग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। बता दें कि 129 केंद्रों पर 61,512 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स पीजी कॉलेज और एमजी काॅन्वेंट स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर करीब 480 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। डीएम ने केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों की जांच की और निगरानी एवं रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु मोबाइल टॉयलेट, हेल्पडेस्क और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन और बस अड्डों पर ट्रेनों की समय सारणी, परीक्षा केंद्रों की जानकारी और रैन बसेरों की लोकेशन स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए। एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया गया कि पीए सिस्टम के माध्यम से बसों की रूटवार जानकारी का नियमित अनाउंसमेंट कराया जाए। रैन बसेरों और शेल्टर होम का भी निरीक्षण किया।
परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने आयुक्त सभाकक्ष में डीएम, संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार समेत केंद्र व्यवस्थापकों व नोडल अफसरों संग बैठक की। उन्होंने कहा कि बस व रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाते हुए मेडिकल व एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए।