दीपावली पर दिल्ली से लखनऊ के बीच यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। बुधवार को उत्तर रेलवे मुख्यालय ने 21 से 26 अक्तूबर तक नई दिल्ली से लखनऊ के बीच रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस चलाने का आदेश जारी कर दिया है।
इन दिनों में इस ट्रेन से नौ हजार यात्रियों को लखनऊ से नई दिल्ली के बीच आवागमन को सीटें उपलब्ध होंगी। इस ट्रेन से यात्रा के लिए बुधवार को बुकिंग भी शुरू हो गई।
उत्तर रेलवे मुख्यालय के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस में एसी चेयरकार की 11 और एसी प्रथम श्रेणी की एक बोगी होगी।
इस ट्रेन का संचालन नई दिल्ली से लखनऊ के बीच 21, 22, 24, 25 और 26 अक्तूबर को किया जाएगा। ट्रेन संख्या-04438 दिल्ली से दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ रात 10:05 बजे पहुंचेगी। ट्रेन-04437 रिवर्स शताब्दी लखनऊ से सुबह 5:20 बजे चलकर दोपहर 1:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
सीनियर डीसीएम अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस के लिए एलएचबी श्रेणी की नई बोगियों का रैक लखनऊ आ चुका है।