मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और फिल्म अभिनेता अभिषेक बच्चन की जिंदगी एक ही जैसी है। बड़े पिता के पुत्र होने के नाते दोनों के ही सामने बड़ी चुनौतियां होती हैं। दोनों ने ही इनका सामना किया है।
यह मानना है कि राज्यसभा सांसद और मशहूर फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन का। सीजी सिटी में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में जया बच्चन ने कहा कि अखिलेश ने खुद को साबित किया है।
जया ने कहा, मैं शुरू से ही नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से कहती थी कि युवाओं को आगे बढ़ाइए। नाम भले ही नहीं लेती थी, मगर मेरा आशय अखिलेश से ही होता था।
मैं दिल से चाहती थी कि यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही बनें। अखिलेश ने खुद को साबित कर मेरा सपना साकार कर दिया। इस परियोजना के शिलान्यास के मौके पर मुझे बुलाया तो बहुत अच्छा लगा।