मोहनलालगंज। कुशल खेड़ा गांव में सोमवार को मेड़बंदी कराने पहुंची राजस्व व पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान राजस्व निरीक्षक को पीटा और दारोगा की वर्दी फाड़ दी। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज कर महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
बताते हैं कि राजस्व निरीक्षक प्रहलाद नरायन तिवारी और लेखपाल सुशील कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ ग्राम कुशलखेड़ा में एसडीएम न्यायालय के आदेश पर मेड़बंदी कराने पहुंचे थे। इसका विरोध कर रहे लोगों ने उन पर हमला कर दिया। राजस्व निरीक्षक की पिटाई कर जमीन पर गिरा दिया व दरोगा आशीष कुमार से मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। राजस्व निरीक्षक प्रहलाद नरायन तिवारी के अनुसार, निखिल, अखिल, सरिता, ललिता, विनीता और शांती देवी ने जमीन की मेड़बंदी का विरोध करते हुए लगाए जा रहे खंभों को तोड़ना शुरू कर दिया और समझाने पर टीम से मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने शांति देवी व निखिल व अखिल को हिरासत में ले लिया है।