तुलसीपुर/जमुनहा (श्रावस्ती) में मल्हीपुर क्षेत्र में रविवार रात वांछित अपराधी को पकड़ने के लिए दबिश देने गए लक्ष्मनपुर चौकी प्रभारी की लौटते समय सुजानडीह गांव के पास दीवार से कार टकराने से मौत हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य युवक भी घायल हो गए। दोनों को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे की जानकारी के बाद जिले के कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।
भिनगा कोतवाली की लक्ष्मनपुर चौकी के प्रभारी शंभूनाथ उपाध्याय रविवार रात मल्हीपुर क्षेत्र में किसी वांछित अपराधी को पकड़ने के लिए दबिश देने निजी कार से गए थे। हर्षित सिंह नामक युवक कार चला रहा था। इस दौरान उनके साथ सिरसिया क्षेत्र का रवि सिंह भी था। दबिश के बाद देर रात करीब 11 बजे वह भिनगा लौट रहे थे। तभी गिरंट मार्ग पर सुजानडीह गांव में कार बेकाबू होकर सलीम के घर की दीवार से टकरा गई। हादसे में चौकी प्रभारी शंभूनाथ उपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई। वह कार में चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे।
हादसे की जानकारी पाकर तत्काल मौके पर पहुंचे मल्हीपुर थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने कार में फंसे हर्षित सिंह व रवि सिंह को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा। वहीं, मामले की जानकारी एसपी सहित अन्य अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे एसपी ने मामले की जानकारी लेने के साथ ही चौकी प्रभारी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, सुल्तानपुर में शंभूनाथ उपाध्याय के घर हादसे की सूचना भेजी गई। इस बारे में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि सड़क हादसे में चौकी प्रभारी शंभूनाथ उपाध्याय की मौत हुई है। ये हादसा नितांत दुखद है।