यूपी के सहायता प्राप्त हाई स्कूल और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर दस हजार से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों की संविदा पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए जल्द ही आवेदन मांगे जाएंगे।
सहायक अध्यापकों को करीब 15 हजार रुपये और प्रवक्ता को करीब 20 हजार मासिक मानदेय दिया जाएगा। 70 वर्ष तक की आयु के शिक्षकों को ही नियुक्ति दी जाएगी।
प्रदेश में 4335 सहायता प्राप्त हाई स्कूल और इंटर कॉलेज हैं। इनमें सहायक अध्यापक व प्रवक्ता के करीब 19 हजार पद खाली हैं। इससे पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा।
इन विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति से सरकार पर अपेक्षाकृत अधिक आर्थिक बोझ पड़ता। लिहाजा सरकार ने इनमें से 10 हजार पदों पर सेवानिवृत्त सहायक अध्यापकों व सेवानिवृत्त प्रवक्ताओं की नियुक्ति करने का निर्णय किया है।