लखनऊ। चिनहट में एक माह पहले शांति विहार कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार दुर्ग विजय सिंह की आखों में दो टप्पेबाजों ने स्प्रे कर उनके सोने के जेवर पार कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए वह कई बार पुलिस चौकी के चक्कर काट चुके हैं। मगर उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
दुर्ग विजय सिंह के मुताबिक नौ जुलाई को शाम करीब सात बजे वह बाइक से चिनहट तिराहे पर स्थित सब्जी मंडी पहुंचे थे। वहां दो युवकों ने उनसे कानपुर जाने का रास्ता पूछा। रास्ता बताते हुए जैसे ही वह थोड़ा झुके, तभी उनमें से एक टप्पेबाज ने उनकी आखों में कुछ स्प्रे कर दिया। इससे दुर्ग विजय कुछ समझ नहीं पाए और उन्हें धुंधला दिखने लगा। आरोप है कि तभी दोनों टप्पेबाज उन्हें सड़के किनारे बने एक चबूतरे पर ले गए। वहां आरोपियों ने उनकी अंगुली से एक तोले की सोने की अंगूठी और तीन तोले का सोने का कड़ा निकाल लिया। इसके बाद टप्पेबाज भाग निकले। 15 मिनट बाद हालत सामान्य होने पर उन्होंने बाइक से काफी देर तक दोनों को खोजा मगर वे नहीं मिले।
आरोप है कि वह पुलिस चौकी पहुंचे, मगर कार्रवाई नहीं हुई। तब से आज तक वह सिर्फ चक्कर काट रहे हैं। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। पीड़ित से संपर्क कर कार्रवाई की जाएगी।