बाइक की टक्कर से शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त जॉइंट डायरेक्टर की मौत
गुडंबा। रिंग रोड पर मंगलवार सुबह बाइक की टक्कर से शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त जॉइंट डायरेक्टर अवधेश कुलश्रेष्ठ (74) की मौत हो गई। हादसे में आरोपी बाइक चालक भी घायल हो गया।
इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी ने बताया कि इंदिरानगर सेक्टर-सी निवासी अवधेश कुलश्रेष्ठ मंगलवार सुबह वॉक के लिए घर से पैदल निकले थे। गुडंबा में रिंग रोड पर स्थित राम धर्म कांटा के पास पहुंचे थे। इस बीच पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अवधेश उछलकर दूर जा गिरे। आरोपी बाइक चालक भी गिर पड़ा। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनाें को अस्पताल पहुंचाया। यहां अवधेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उनके पास से मिले मोबाइल से घरवालों को सूचना दी। बाइक चालक का इलाज जारी है। अवधेश के परिवार में पत्नी अलका के अलावा एक बेटी राशि है जो कनाडा में रहती है। दूसरी बेटी आशी दिल्ली में रहती है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अवधेश की पत्नी ने कोई तहरीर नहीं दी है।