लखनऊ में सोमवार सुबह गोमती नदी में युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। जांच-पड़ताल के बाद युवक की शिनाख्त गोमतीनगर के रहने वाले पूर्व आईएएस तीर्थराज त्रिपाठी के बेटे सौरभ त्रिपाठी के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक सीओ गोमतीनगर के ऑफिस के पास गोमती नदी के किनारे एक युवक की लाश मिलने से अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास मिले कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त मिर्जापुर से रिटायर्ड कमिश्नर तीर्थराज के बेटे सौरभ के रूप में की।
सौरभ रविवार रात से गायब था। देर रात तक लौटकर न आने पर परिवारीजनों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच साढ़े आठ बजे सीओ गोमतीनगर के ऑफिस के पास किसी ने पुल से युवक को नदी में छलांग लगाते देख पुलिस को सूचना दे दी। हालांकि, रात होने के चलते पुलिस शव नहीं ढूंढ़ सकी थी। सुबह गोताखोरों की मदद से शव निकाला गया।
बताया जा रहा है कि बीटेक पास होने के बावजूद नौकरी न मिलने से डिप्रेशन में था। बता दें कि सौरभ तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई की पत्नी भी आईपीएस अफसर है।