हाइड्रोलिक सिस्टम यानी लैंडिंग गियर के नहीं खुलने के कारण राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के विमान की चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान करीब डेढ़ घंटे तक हवा में मंडराता रहा।
एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। चार बार लैंडिंग की कोशिशें नाकाम रहीं। पायलट सकुशल विमान को लैंड कराने में कामयाब रहा।
राज्यपाल कल्याण सिंह विमान (वीटीजेएसएस-सी56एक्स) से जयपुर से लखनऊ आ रहे थे। शाम 4.35 बजे लखनऊ पहुंचने से पूर्व विमान के पिछले हाइड्रोलिक सिस्टम नहीं खुलने की जानकारी पायलट को हुई।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी, इसके बाद अमौसी एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और एंबुलेंस व दमकल को एयरपोर्ट पर तैनात कर दिया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच गई।
हाइड्रोलिक सिस्टम को खोलने के बहुत प्रयास किए गए, लेकिन सिस्टम नहीं खुला। इसके बाद शाम 5.40 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार राज्यपाल सहित 11 क्रू मेम्बर सकुशल हैं।