सड़क हादसों में सेवानिवृत्त एचएएल कर्मचारी, मजदूर व मिस्त्री की मौत
लखनऊ। तीन अलग-अलग सड़क हादसों में सेवानिवृत्त एचएएल कर्मचारी, मजदूर व मिस्त्री की मौत हो गई। ये घटनाएं आलमबाग, माल और दुबग्गा में हुईं।
आलमबाग के स्नेह नगर निवासी गोपीचंद त्रिपाठी (70) एचएएल में स्टोर इंचार्ज के पद से रिटायर हुए थे। उनके बेटे रजनीकांत ने बताया कि पिता शनिवार शाम किसी काम से पैदल निकले थे। कृष्णानगर में वीआईपी रोड पार करते वक्त तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से उनकी मौत हो गई। उन्होंने केस दर्ज कराया है। परिवार में पत्नी सुशीला व तीन बेटे हैं।
इटौंजा में भवानीपुर के रहने वाले रजनेश (40) मजदूरी करते थे। उनके भाई राजू ने बताया कि शनिवार शाम को रजनेश बाइक से घर लौट रहे थे। माल-इटौंजा रोड पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से उनकी बाइक टकरा गई। ट्राॅमा में रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के वक्त वह हेलमेट लगाए थे। परिवार में पत्नी सुनीता हैं, जो गर्भवती हैं।
उधर, दुबग्गा के हयात नगर निवासी मज्जू (51) वेल्डिंग मिस्त्री थे। घरवालों ने बताया कि शुक्रवार को वह दोपहर में खाना खाने बाइक से घर आ रहे थे। वह हेलमेट लगाए थे। जेहटा रोड पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल उनकी बाइक से टकरा गई। अस्पताल में रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी तबस्सुम हैं।