लखनऊ। एक का डबल पाने की चाह में बिहार के गया निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी उदय प्रसाद ने दस लाख रुपये गंवा दिए। ठगों ने उन्हें कारोबार में निवेश का झांसा दिया था। पीड़ित ने पीजीआई थाने में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
उदय के मुताबिक 2024 में उनका संपर्क पीजीआई के ओमेक्स सिटी निवासी श्रेया फाउंडेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर फर्म के मालिक हेमंत कुमार राय से हुई थी। दोस्ती बढ़ने पर हेमंत ने उनसे अपने कारोबार में रकम निवेश करने की बात कही। उसने कहा कि निवेश की गई रकम का दोगुना मुनाफा मिलेगा। इतना ही नहीं ठग ने कार, प्लॉट और सोना भी देने का वादा किया। इस पर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने 11 लाख रुपये निवेश कर दिए। मगर मुनाफा नहीं मिला। दबाव बनाने पर आरोपी ने सिर्फ एक लाख लौटाए और बची रकम देने से मना कर दी। आरोप है कि विरोध पर हेमंत के कर्मचारी राजेश कुमार ने पीड़ित को धमकी दी।
सुरक्षा मंत्री के साथ की फोटो का लगाता था स्टेटस
पीड़ित का आरोप है कि हेमंत अक्सर सुरक्षा मंत्री की फोटो के साथ अपनी तस्वीर व्हाट्सएप स्टेटस लगाता था। वह उन्हें अपना परिचित बताता था। पीड़ित ने पीजीआई पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई होगी।