लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच दुबग्गा, एफसीआई और काकोरी क्षेत्र में बिजली की लगातार आवाजाही ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात से लेकर बुधवार रात तक बार-बार बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान रहे।
स्थानीय निवासी रमेश पाल, अनुज कुमार, मोहम्मद नफीस, सीमा रावत सहित सैकड़ों लोगों को कहना है कि बिजली गुल होते ही घरों में पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं। देर रात तक बिजली की आवाजाही के कारण लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। क्षेत्रीय उपभोक्ता रंजीत कनौजिया, विजय शर्मा, सुरेंद्र सिंह और मोहित राजपूत ने भी समस्या बताई है। उनके मुताबिक, कई इलाकों में ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। बार-बार बिजली आने-जाने से घरेलू उपकरणों को भी नुकसान का खतरा है। निगम के अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लोगों को ये भी आरोप है कि जम्मेदार अधिकारी फोन भी नहीं उठाते हैं।
दुबग्गा खंड के एसडीओ ने बताया ओवरलोड के चलते एबीसी केबल पर अधिक दबाव पड़ रहा है , जिससे केबल जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं । इसके अलावा बारिश और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों की डालियां बिजली के तारों पर गिरने से भी फाल्ट हो रहे हैं । शिकायत मिलते ही बिजली निगम की टीम को मौके पर भेजकर फाल्ट दुरुस्त कराया जा रहा है और बाधित बिजली आपूर्ति को जल्द से
जल्द बहाल किया जा रहा है ।
यहां बढ़ी निर्बाध आपूर्ति की मांग
यह समस्या काकोरी मोड़, सलेमपुर पतौरा, सरोसा भरोसा, चिलौली और मुबारकपुर जैसे इलाकों में है। नगर पंचायत काकोरी, बुद्धेश्वर, सीते विहार कॉलोनी, भपटा मऊ, पिंक सिटी और नौराना भी प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने बार-बार होने वाले फॉल्ट और ट्रिपिंग की वजह तलाशकर स्थायी समाधान करने के लिए कहा है।