परिवहन निगम संविदा कंडक्टरों की तर्ज पर अब संविदा ड्राइवरों को भी रिक्त नियमित पदों पर होने वाली भर्ती में 35 फीसदी कोटा देने पर राजी हो गया है।
इस आशय का प्रस्ताव 17 दिसंबर को प्रस्तावित बोर्ड की बैठक में लाकर उसे मंजूरी दी जाएगी।
निगम के प्रबंध निदेशक ने यह आश्वासन कर्मचारी प्रतिनिधियों को दिया है।
सोमवार को प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, गिरीश कुमार मिश्र सहित अन्य से समस्याओं पर बातचीत कर रहे थे।
समस्याएं सुनने के बाद प्रबंध निदेशक ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की साल 2012 के जनवरी एवं जुलाई की बकाया महंगाई भत्ते की किश्त का भुगतान कराने के लिये शासन से अनुमति मांगेंगे।
वहीं नियमित कर्मचारियों की भांति संविदा ड्राइवरों एवं कंडक्टरों का भी जनवरी एवं जुलाई में महंगाई भत्ता राहत के रूप में भुगतान होगा।
उन्होंने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में ड्राइवरों की जो भी भर्ती होगी, उसमें संविदा ड्राइवरों को 35 फीसदी कोटा मिलेगा।
वहीं मृतक आश्रितों के परिजनों को नौकरी देने के लिए शासन से अनुमति मांगेंगे। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने परिवहन निगम को सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो से मुक्त करने की मांग उठाई।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)