उदयगंज के टूर ऑपरेटर अहमद खान ने बताया कि लोग टिकट कैंसिल करवा रहे हैं, पर एयरलाइनें रिफंड नहीं दे रही हैं। वे दलील दे रही हैं कि टिकट नॉन रिफंडेबल है, जबकि यात्री रिफंड की मांग पर अड़े रहते हैं। इससे कहासुनी की नौबत तक आ जाती है।
वहीं, एजेंटों का भी काम ठप हो रहा है। एजेंट गर्मी की छुट्टियों में होने वाली बुकिंग को ध्यान में रखते हुए टिकट होल्ड कर लेते हैं। अब इनका नुकसान हो रहा है।
होटलों से पैसा वापस मंगाने में छूट रहा पसीना
बैंकॉक, दुबई, सिंगापुर के होटलों की भी जिन्होंने बुकिंग करवाई थी, उन्हें रिफंड लेने में छींके आ रही हैं। टूर ऑपरेटर रवि रावत ने बताया कि होटल रिफंड ही नहीं दे रहे हैं। सिंगापुर के होटल बॉस, पटाया के सन सिटी व द ग्रास के होटल तो यहां तक कह रहे हैं कि रिफंड नहीं मिलेगा, तारीख आगे बढ़ा सकते हैं।
कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीएम अभिषेक प्रकाश ने बैठक की। उन्होंने होटल प्रतिनिधियों से कहा कि यदि विदेश से लौटना वाला कोई व्यक्ति होटल में रुकता है तो इसकी सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम को दें। बोर्डिंग पास चेक कर ही होटल में प्रवेश दें।
निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम संचालकों से कहा कि कोई संदिग्ध मरीज आता है तो उसे तत्काल लोकबंधु, सिविल, बलरामपुर, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, केजीएमयू व एसजीपीजीआई रेफर करें। बैठक में नगर निगम, नगर पंचायत, शिक्षा बाल विकास एवं पुष्टाहार, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुधन विभाग, निजी अस्पताल, आईएमए नर्सिंग होम एसो. पैथोलोजी एसो. सहित होटल-रेस्टोरेंट के प्रतिनिधि थे।
कंट्रोल रूम भी सक्रिय
कोरोना वायरस से संबंधित जानकारी देने को कंट्रोल रूम काम कर रहा है। इसके नंबर 0522-2622080 तथा 7839700132 है।