लखनऊ। खराब ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत अब आसान होगी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनाया गया इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) पुलिस विभाग को हैंडओवर किया जाएगा। अभी सिग्नलों की मरम्मत का काम दो विभागों के बीच अटकता है।
महिला सुरक्षा को लेकर सेफ सिटी योजना के तहत बनाए गए इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम (आईएससीआर) को भी पुलिस विभाग को हैडओवर किया जाएगा। इसे लेकर पुलिस विभाग ने सर्वे भी शुरू कर दिया है।
यातायात संचालन को बेहतर करने व ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को चिह्नित कर चालान करने के लिए स्मार्ट सिटी योजना में 70 करोड़ रुपये की लागत से आईटीएमएस बनाया गया है। छह वर्ष तक संचालन के बाद इस जून में स्मार्ट सिटी योजना पूरी हो गई। ऐसे में आईटीएमएस पुलिस विभाग को हैंडओवर किया जाएगा। पुलिस विभाग ही अभी इसका संचालन कर रहा है, लेकिन कैमरे से लेकर ट्रैफिक सिग्नल तक की मरम्मत का काम स्मार्ट सिटी कंपनी कराती है। इसमें कई बार देरी हो जाती है।
पुलिस के हाथ कंट्रोल सेंटर की पूरी कमान
निर्भया कांड के बाद केंद्र सरकार ने महिलाओं व लड़कियों के लिए शहर को सुरक्षित बनाने के लिए सेफ सिटी योजना शुरू की है। इसके तहत लालबाग में स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर के पास सेफ सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। तीन वर्ष से इसका संचालन हो रहा है। कंट्रोल रूम से चौराहों, स्कूल-कॉलेजों व अन्य जगहों पर लगे हाईटेक कैमरों से निगरानी हो रही है। यह काम पुलिस की निगरानी में हो रहा है, लेकिन रखरखाव स्मार्ट सिटी कंपनी के पास है। इसे अब पुलिस विभाग को हैंडओवर किया जाएगा।
-
कोट
आईटीएमएस और आईएससीआर को हैंडओवर करने की कार्यवाही चल रही है। पुलिस विभाग सर्वे कर रहा है। यह पूरा होने के बाद संयुक्त बैठक होगी और उसे हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी जाएगी।
- ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त नगर निगम