लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा के कक्ष निरीक्षकों की पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट 10 फरवरी को निदेशालय पर विरोध प्रदर्शन करेगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद कक्ष निरीक्षकों को प्रति पाली 50 रुपये पारिश्रमिक देता है, जबकि ड्यूटी 15 से 40 किमी दूर तक लगाई जाती है। इनका परीक्षा केंद्र तक आने-जाने में 100 रुपये तक खर्च आता है। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। इतने कम पारिश्रमिक में ड्यूटी कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर 2024 में प्रति पाली पारिश्रमिक दो रुपये बढ़ाकर 50 रुपये किया गया था, जिससे शिक्षक संतुष्ट नहीं हैं। केंद्र व्यावस्थापक को प्रति पॉली 100, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को 60 रुपये व लिपिक को 40 रुपये दिया जाता है। वर्मा ने कहा कि उनकी मांग है कि 250 रुपये पारिश्रमिक दिया जाना चाहिए।