मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत आयुक्त को ठंड के मद्देनजर पूरे प्रदेश में रैन बसेरों की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिन में रैन बसेरों की सुरक्षा तथा साफ-सफाई के प्रबन्ध करते हुए इन्हें स्थापित कर दिया जाए। रैन बसेरों में गार्ड की व्यवस्था भी की जाए।
मुख्यमंत्री ने नगर मजिस्ट्रेट, तहसील स्तर पर तहसीलदार तथा थाना स्तर पर थानाध्यक्ष को निर्देशित किया है कि फुटपाथ पर सोए लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाना सुनिश्चित करें। अस्पताल परिसर में खुले में सो रहे मरीजों के तीमारदारों के लिए भी चिकित्सालय परिसर में रैनबसेरे की सुचारु व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कंबल वितरण तथा अलाव जलाने के लिए सभी प्रबन्ध अभी से कर लिए जाएं, जिससे जरूरतमंदों को समय से राहत पहुंचाई जा सके।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व विभाग शीतलहर में राहत कार्य संचालित करने के लिए 19.25 करोड़ रुपये जारी कर चुका है। इसके अंतर्गत प्रति तहसील 5-5 लाख रुपये कंबल के लिए तथा 50-50 हजार रुपये अलाव के लिए दिए गए हैं।