यूपी बोर्ड परीक्षा में लगने वाले केंद्र व्यवस्थापकों के लिए नीति बुधवार को जारी कर दी गई। इसके मुताबिक इस बार केंद्र के अंदर परीक्षार्थी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।
पिछले साल परीक्षा के दौरान मोबाइल पर नकल करने की शिकायतें मिलने की वजह से इस बार प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए केंद्र के गेट पर तलाशी ली जाएगी।
वहीं, सामान्य परीक्षार्थियों को सवा तीन घंटे का समय मिलेगा। निशक्तों को 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद की ने नीति जारी करते हुए कहा है कि राजकीय व सहायता प्राप्त शिक्षकों को कम से कम 20 पालियों में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करनी होगी।
इससे कम ड्यूटी करने वालों का वेतन काटा जाएगा और उस दिन गैर हाजिर माना जाएगा। केंद्र के अंदर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित और फोटोग्राफी प्रतिबंधित होगी।
केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा नकलविहीन हो। परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्था इस बात का विशेष ध्यान रखेगा कि कक्ष निरीक्षक किसी तरह की गड़बड़ी न करे। गड़बड़ी करने की शिकायत पर उसे ड्यूटी से बाहर करते हुए उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।