सरकार की ओर से दिए जाने वाले स्मार्ट फोन के लिए रजिस्ट्रेशन 10 अक्तूबर से होगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 10 को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित एक समारोह में धूम-धड़ाके के साथ समाजवादी स्मार्ट फोन योजना की लॉन्चिंग करेंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग इसकी जिम्मेदारी संभाल रहा है। लॉन्चिंग के बाद रजिस्ट्रेशन होने लगेगा और पंजीकरण कराने वालों को चुनाव के बाद दोबारा सत्ता में आने पर सपा की सरकार मुफ्त स्मार्ट फोन बांटेगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले महीने गाजियाबाद में हज हाउस के उद्घाटन के मौके पर अगली बार सरकार बनने पर मुफ्त स्मार्ट फोन देने का एलान किया था। मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना को कैबिनेट ने भी हरी झंडी दे दी है।
अब मुख्यमंत्री इसकी लॉन्चिंग करके यह संदेश देने जा रहे हैं कि योजना को लेकर उनकी सरकार गंभीर है। सरकार ने यह योजना आगामी चुनाव के मद्देनजर बनाई है, ताकि ज्यादा से मतदाताओं को आकर्षित किया जा सके।