लखनऊ। मोहान रोड स्थित एलडीए की अनंतनगर योजना के 1392 फ्लैटों का पंजीकरण शुक्रवार से शुरू होगा। इन फ्लैटों की कीमत नौ लाख से 35 लाख रुपये के बीच है। वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि अफोर्डेबल हाउस योजना के तहत 980 फ्लैट बनाए जाएंगे। पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in से दो नवंबर तक करवा सकेंगे।
पंजीकरण कराने के लिए आवेदक को अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत रकम जमा करनी होगी। आरक्षित वर्ग के लिए यह रकम 2.5 प्रतिशत होगी। आवंटन लॉटरी से होंगे। योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर अदिति अपार्टमेंट में फ्लैट बनाए जाएंगे। अपार्टमेंट में पांच टावर होंगे। करीब 7500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क व ग्रीन बेल्ट विकसित होगी।
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि वन बीएचके के कुल 412 फ्लैट होंगे। हर फ्लैट 38.25 वर्गमीटर का होगा। इसकी कीमत 8,99,900 रुपये है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत वन बीएचके फ्लैट के लिए 6.50 लाख रुपये ही देने होंगे। बाकी 2.50 लाख रुपये का अंशदान केंद्र व राज्य सरकार करेगी।
अफोर्डेबल हाउस योजना में टू बीएचके श्रेणी के 980 फ्लैट बनेंगे। 50.10 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 34,82,000 लाख रुपये है। अपार्टमेंट में बेसमेंट व पार्किंग होगी। वन बीएचके के फ्लैट में दो और टू बीएचके के फ्लैट में तीन बालकनी होगी। योजना में हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्युनिटी स्पेस, पेडेस्ट्रियन पाथ-वे जैसी सुविधाएं मिलेंगी।