मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में कोविड-19 संक्रमण की दर नियंत्रित करने में सफलता मिली है। इसे बनाए रखने और संक्रमण को कम करने के प्रयास जारी रखे जाएं। कोविड अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सक नियमित रूप से राउंड करते रहें। उन्होंने कोरोना के मद्देनजर जिलों में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी क्षमता से संचालित करने के लिए निर्देश दिए। वह बृहस्पतिवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज और मेरठ जिले में कोरोना संक्रमितों की मृत्यु दर में कमी लाई जाए।
सीएम योगी ने पुलिस विभाग को 17 से 25 अक्तूबर तक नवरात्र के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में 10 से 16 अक्तूबर तक स्वच्छता व सैनिटाइजेशन के लिए महाभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इससे डेंगू और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम में सफलता मिलेगी। उन्होंने महाभियान से जनप्रतिनिधियों को जोड़ने की भी बात कही। सीएम योगी ने अंतर्विभागीय समन्वय के साथ जिलों में सड़क व यातायात सुरक्षा कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए।
वर्ल्ड हैंडवॉश डे पर करें जागरूकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्तूबर को वर्ल्ड हैंडवॉश डे होता है। इस संबंध में जागरूकता के लिए बेसिक, माध्यमिक, प्राविधिक एवं उच्च शिक्षा विभाग से समन्वय बनाते हुए कार्यक्रम किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत अधिकाधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।