लखनऊ। रोडवेज पहली से तीन दिसंबर तक महिलाओं व पुरुषों के लिए रोजगार मेला लगाने जा रहा है। पहली व दूसरी दिसंबर को पुरुषों के लिए 120 संविदा चालकों के पदों पर भर्ती कमता बस अड्डे पर होगी। तीन दिसंबर को 190 महिला परिचालकों की भर्ती सप्रू मार्ग स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में होगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि संविदा चालकों के लिए न्यूनतम योग्यता छठवीं पास है। आयु सीमा 23 वर्ष छह माह रखी गई है। भारी वाहन चलाने का न्यूनतम दो साल का हैवी लाइसेंस होना चाहिए। संविदा चालकों को 2.06 रुपये प्रति किमी पारिश्रमिक दिया जाएगा। रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा के लिए पांच पारिवारिक पास दिए जाएंगे।
ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत होने पर 7.5 लाख रुपये व घायल होने पर दस हजार रुपये दिए जाएंगे। गंभीर रूप से घायल होने की दशा में 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, आधार कार्ड व पैनकार्ड की छायाप्रति लेकर सुबह दस बजे कमता बस अड्डे पर पहुंचे। भर्ती शाम पांच बजे तक होगी। पहले टेस्ट में पास होने पर दूसरे टेस्ट के लिए कानपुर स्थित प्रधानाचार्य प्रशिक्षण संस्थान एलेन फॉरेस्ट भेजा जाएगा।
महिला परिचालकों के लिए अर्हता
उम्र सीमा 18 से 40 वर्ष होनी चाहिए। इंटरमीडिएट व ट्रिपल सी अनिवार्य है। राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, एनएसएस के प्रमाणपत्र हों या फिर एनसीसी या स्काउट गाइड में बी प्रमाणपत्र चाहिए।