सिंगल यूज प्लास्टिक पर मोती महल डीलक्स रेस्टोरेंट पर जुर्माना
लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शनिवार को शहरभर में सफाई व सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर अभियान चलाया गया। जोन-3 के सेनेटरी अधिकारी मनोज यादव ने बताया कि टेढ़ीपुलिया चौराहे से चार नंबर चौराहे होते हुए गुडंबा थाने तक अवैध सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और फुटपाथ विक्रेताओं द्वारा गंदगी फैलाने के विरुद्ध सघन जांच की गई। इस दौरान 38 चालान हुए और 25,800 रुपये जुर्माना वसूला गया। जोन एक में एसएफआई सुनील वर्मा ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कठोर कदम उठाए। राजभवन के सामने स्थित मोती महल डीलक्स रेस्टोरेंट में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। मरी माता मंदिर के पास वेंडरों से जुर्माने के 3300 रुपये वसूले गए। इंद्रलोक कॉलोनी व विजय नगर स्थित कुल आठ दुकानों पर 12 हजार का अर्थदंड लगाया गया।