रिक्त पदों का ब्यौरा देने में विभागों की चलताऊ कार्यशैली ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रिक्तियों की सूचना पाने के बाद जनवरी में विज्ञापन निकालने की योजना पर काम कर रहे आयोग की उम्मीदों को झटका लगा है।
आधी-अधूरी सूचनाओं से हैरान आयोग विभागों को पूर्व से दिए गए प्रोफार्मा पर सूचनाएं देने के लिए रिमाइंडर जारी करने जा रहा है। बताते चलें कि सरकार ने समूह ‘ग’ के पदों की भर्ती के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन किया था। प्रदेश में समूह ग के करीब सवा दो लाख से ज्यादा पद रिक्त हैं।
आयोग ने अपने गठन के तत्काल बाद विभागों से पांच जनवरी तक रिक्त पदों का ब्यौरा मांगा था। विभागों को ग्रेड पे 1900 से 4200 तक के रिक्त पदों की सूचना देनी थी। इसके लिए उन्हें एक प्रोफार्मा भी भेजा गया था।
इसमें कुल पद, रिक्त पद, उनके आरक्षण की स्थिति और पदों की भर्ती के लिए सेवा नियमावलियों की मांग की गई थी। मगर, ज्यादातर विभागों ने आयोग के निर्देशों को तवज्जो नहीं दिया।