उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के लिए तकरीबन 41 हजार सिपाहियों की भर्ती एक बड़ी परीक्षा बन गई है।
दो साल पहले भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद इस साल सिपाही और उसके समकक्ष पदों की सीधी भर्ती के लिए 23 दिन के अंदर ही 23 लाख आवेदन आ चुके हैं। हर रोज औसतन एक लाख आवेदन आ रहे हैं।
फॉर्म भरने के लिए अभ्यर्थियों के पास अभी 8 दिन हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि आवेदनों की संख्या 30 लाख तक पहुंच जाएगी। यानी बोर्ड के सामने अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा के आयोजन की चुनौती है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सीधी भर्ती-2013 के लिए 18 जुलाई से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन पत्र मांगे थे।
चूंकि 2011 की भर्ती रद्द होने के बाद लंबे समय से पुलिस महकमे में सिपाहियों की भर्तियां नहीं हुई थीं। इसके चलते 2013 की भर्ती का विज्ञापन आते ही आवेदनों की बौछार शुरू हो गई।