पंचायत से लेकर संसद तक के चुनाव एक साथ व एक ही मतदाता सूची से कराने के संबंध में गठित कमेटी ने 2024 तक लोकसभा और सभी विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने की सिफारिश की है।
कमेटी ने 2029 से लोकसभा से पंचायत तक के सभी चुनाव एक साथ कराने का सुझाव दिया है। फर्जी वोटिंग पर प्रभावी अंकुश के लिए वोटर लिस्ट को आधार से लिंक करने की सिफारिश की है।
पंचायत से लेकर संसद तक का चुनाव एक साथ व एक वोटर लिस्ट से कराने के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप दी।
शहरी स्थानीय निकाय अध्यक्षों की तरह जिला पंचायत अध्यक्ष व क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का चुनाव भी सीधे जनता से कराने की सिफारिश की है। समिति ने कई अन्य देशों की चुनाव प्रणाली का अध्ययन करके यह रिपोर्ट बनाई है। उसने महाराष्ट्र में लागू समान मतदाता सूची का अध्ययन भी किया है। चुनाव प्रणाली के विशेषज्ञों से भी सलाह-मशविरा किया गया।