सहारनपुर नगर सीट से सटी सुरक्षित सीट रामपुर मनिहारान और सहारनपुर देहात पर भी कड़े संघर्ष की पृष्ठभूमि तैयार हो चुकी है। देेहात सीट पर भाजपा ने जगपाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। पिछली बार कांग्रेस से विधायक रहे मसूद अख्तर सपा में शामिल हो चुके हैं, लेकिन, उन्हें टिकट नहीं मिला। सपा ने आशु मलिक को चुनावी रण में उतारा है। बसपा से अजब सिंह, कांग्रेस से संदीप कुमार, आम आदमी पार्टी से योगेश दहिया, एआईएमआईएम से मरगूब मैदान मेें हैं। वहीं, रामपुर मनिहारान सीट पर बसपा से पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, भाजपा से विधायक देवेंद्र निम, रालोद से विवेककांत और कांग्रेस से ओमपाल सिंह चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
समीकरण लेंगे सबका इम्तिहान
इस सीट पर चुनावी मुकाबला कैसा होगा, इसकी एक झलक 2017 के चुनाव से मिल जाती है। 2017 में यहां भाजपा-सपा के बीच कांटे का मुकाबला हुआ था। तब सपा ने 4636 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। सपा के संजय गर्ग की कुल मतों में हिस्सेदारी 46.80 फीसदी रही थी, जबकि भाजपा की 45.09 फीसदी। बसपा 6.38 फीसदी पर ही अटक गई थी। सबसे खराब प्रदर्शन रालोद का था। रालोद तो 1000 वोटों के आंकड़े को भी नहीं छू सका था। अगर समीकरण कमोवेश वैसे ही रहे तो सपा के लिए सीट बचाने की चुनौती है। वहीं, भाजपा के सामने बसपा के वोट बैंक में सेंध लगाने की चुनौती है। अगर वह इसमें कामयाब हो गई, तो उसकी राहें आसान हो सकती हैं।
वोटों का गणित
मुस्लिम 1.55 लाख
पंजाबी व सिख 85 हजार
वैश्य 60 हजार
अनुसूचित जाति 30 हजार
ब्राह्मण 25 हजार
सैनी 18 हजार
अन्य 28 हजार
2017 का चुनाव परिणाम
संजय गर्ग, सपा 1,27,210
राजीव गुंबर, भाजपा 1,22,574
मुकेश दीक्षित, बसपा 17,350
भूरा मलिक, रालोद 934