लखनऊ। राजधानी में यातायात नियमों से खिलवाड़ अब महंगा पड़ेगा। तीन से ज्यादा बार इनका उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने लगाने के साथ वाहन की आरसी भी ब्लॉक कर दी जाएगी। सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार से तीन वाहन मालिकों की आरसी ब्लॉक कर इसकी शुरुआत कर दी गई। वाहन स्वामी आरसी अनब्लॉक करवाने सोमवार को आरटीओ पहुंचेंगे तो इनका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने पर फैसला होगा।
परिवहन के अधिकारियों का कहना है कि यातायात के नियम तोड़ने वाले चालान तो भरते हैं, लेकिन उनमें कार्रवाई को लेकर डर नहीं होता। इस कारण यह निर्णय लिया गया है कि तीन से ज्यादा बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की आरसी ब्लॉक कर दी जाएगी। इसके बाद ये वाहन चला नहीं सकेंगे। वाहन मालिकों के आरटीओ पहुंचने पर आरसी खोली जाएगी, लेकिन इसके साथ डीएल निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, नशे में ड्राइविंग और तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर सख्ती शुरू की गई है। इसका उद्देश्य लोगों की सुरक्षा करना है।