लखनऊ में आरबीआई के क्लर्क योगेंद्र सिंह (26) ने अलीगंज स्थित आवास पर मंगलवार रात इस्तीफा लिखा और भाई को वीडियो कॉल कर उसके सामने ही फांसी लगाकर जान दे दी।
भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ शव को नीचे उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर अलीगंज ब्रजेश सिंह ने बताया कि आरबीआई में क्लर्क योगेंद्र सिंह अलीगंज सेक्टर-जे स्थित विभागीय कॉलोनी में रहते थे। उनके साथ एक रिश्तेदार भी रहता था।
मंगलवार को गोमतीनगर स्थित कार्यालय से कमरे पर लौटे और देर रात को इस्तीफा लिखा। इसके बाद भाई मानवेंद्र सिंह को वीडियो कॉल कर बताया कि वह खुदकुशी करने जा रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को आधे घंटे गेट पर रोके रखा
डेमो
वीडियो कॉल के दौरान ही योगेंद्र फांसी का फंदा बनाने लगे। यह देख घबराये भाई ने तुरंत अलीगंज पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही योगेंद्र फांसी लगा चुके थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। योगेंद्र के साथ रहने वाला रिश्तेदार भी नहीं था। दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो योगेंद्र का शव पंखे से रस्सी के फंदे से लटक रहा था।
आरबीआई कॉलोनी के गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वह देर रात करीब 1.10 बजे कॉलोनी के गेट पर पहुंची। लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने आधे घंटे तक उसे गेट के अंदर दाखिल नहीं होने दिया।
सुरक्षाकर्मी मुख्य सुरक्षा अधिकारी के आदेश पर ही गेट खोलने की जिद पड़ अड़े थे। पुलिस ने जब सुरक्षाकर्मियों को ही योगेंद्र की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी तब गेट खोला गया। इसके बाद पुलिस योगेंद्र के घर पहुंची तो उन्हें मृत पाया।
युवती कर रही थी ब्लैकमेल, निकाली जा रही डिटेल
डेमो
इंस्पेक्टर ने बताया कि योगेंद्र ने खुदकुशी के पहले आरबीआई के प्रमुख के नाम अपना इस्तीफा लिखा था। पत्र में अधिकारी को संबोधित करते हुए लिखा था कि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए।
साथ ही उसके सभी ड्यूज तीन महीने में सुपुर्द कर दिए जाएं। पत्र पर 27 मार्च की तारीख दर्ज थी। पुलिस ने पत्र को कब्जे में लेते हुए इसे जांच के लिए हैंड राइटिंग एक्सपर्ट को भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि योगेंद्र की तीन साल पहले नौकरी लगी थी। उनकी शादी नहीं हुई थी। उनके साथ रिश्तेदारी का एक युवक रहता था। पूछताछ में युवक ने बताया कि योगेंद्र के पास एक युवती का आना-जाना था।
कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। इधर कुछ दिनों से योगेंद्र काफी परेशान रहते थे। आशंका है कि युवती उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। इसीलिए वह नौकरी भी छोड़ना चाहते थे।
इंस्पेक्टर के मुताबिक युवती के बारे में डिटेल निकाली जा रही है। वहीं योगेंद्र के मोबाइल की भी कॉल डिटेल निकाली जा रही है। ताकि यह पता चल सके कि खुदकुशी से पहले उन्हें परेशान करने वाली कॉल तो नहीं आई थी।