पेट्रोल व डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी के बाद तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दाम बढ़ा कर उपभोक्ताओं को एक और झटका दिया है।
रेट रिवीजन के बाद एलपीजी सिलेंडरों की दरों में 20 रुपया से लेकर 189 रुपया तक की बढ़ोतरी गुरुवार से लागू कर दी गई।
इस बढ़ोतरी में 5 किलो वाले छोटे नॉन सब्सिडी सिलेंडर शामिल किए गए हैं।
हालांकि सब्सिडी युक्त छोटे व बड़े दोनों ही तरह के सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव ने कर उपभोक्ताओं को मामूली राहत दी गई है।
घरेलू एलपीजी से जुड़ी तीनों प्रमुख तेल कंपनियों ने सब्सिडी श्रेणी के एलपीजी सिलेंडर को छोड़ अन्य दोनों श्रेणी में प्रयोग किए जाने वाले सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए हैं।
यूपी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन के अध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि गुरुवार से लागू इस मूल्य वृद्धि के बाद 14.2 किग्रा का नॉन सब्सिडी सिलेंडर 43 रुपया की बढ़ोतरी के बाद अब 929 रुपये में मिलेगा।
इसकी वर्तमान दर 886 रुपया थी। इसी तरह नॉन सब्सिडी के पांच किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत भी 20 रुपया बढ़ा दी गई है।
अब यह सिलेंडर 429.50 रुपये में मिलेगा। 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर के दाम भी 75.50 रुपये बढ़ाए गए हैं।
अब यह सिलेंडर उपभोक्ताओं को 1579 रुपये की जगह 1654.50 रुपये में मिलेगा।
सर्वाधिक 189 रुपया की बढ़ोतरी औद्योगिक काम में उपयोग होने वाले 47.5 किग्रा भार वाले सिलेंडर में की गई है।
अब यह सिलेंडर उपभोक्ताओं को 3946 रुपये की जगह 4135 रुपये में मिलेगा। तेल कंपनियों ने एक माह में दूसरी बार घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की दर में बढ़ोतरी कर महंगाई से जूझ रहे उपभोक्ताओं की मुसीबत और बढ़ा दी है।
इसके पूर्व एक जुलाई को ही घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 2.50 रुपया से लेकर 62.50 रुपया तक की बढ़ोतरी लागू की गई थी।