चार राज्यों में खत्म हुए चुनाव के बाद सरकार ने घरेलू एलपीजी सप्लाई से जुड़े डीलरों के कमीशन में बढ़ोत्तरी का ऐलान किया है। इसका सीधा भार उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
कमीशन की बढ़ी दरों को तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने के निर्णय के बाद घरेलू श्रेणी (14.2 किग्रा) के सब्सिडी व नॉन सब्सिडी सिलेंडर मंगलवार से 3.46 से 4.21 रुपया प्रति सिलेंडर महंगे हो जाएंगे।
तेल कंपनियों ने अंतिम गणना के बाद घरेलू सिलेंडरों के नए दामों का ऐलान औपचारिक तौर पर मंगलवार सुबह तक किए जाने की बात कही है।
डीलर कमीशन में हुई इस बढ़ोत्तरी का झटका पांच किलोग्राम भार वाले सिलेंडर उपभोक्ताओं को भी झेलना पड़ेगा।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन की मांग पर डीलरों के कमीशन में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी लागू किए जाने पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय दीपावली के समय ही सहमति बना चुका था।
लेकिन चार राज्यों में घोषित विधान सभा चुनाव के कारण इसकी औपचारिक घोषणा का ऐलान रोक दिया गया था।
चुनाव आचार संहित खत्म होते ही सोमवार दोपहर बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालयन ने घरेलू एलपीजी सप्लाई से जुड़े डीलरों के कमीशन में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर आम उपभोक्ताओं को झटका दिया है।
क्योंकि तेल कंपनियां पहले ही कमीशन की बढ़ी हुई दरों को वहन न करने की बात कह चुकी थी।
इसके चलते ही प्रति सब्सिडी सिलेंडर बढ़े हुए 3.46 रुपया व 14.2 किग्रा नॉन सब्सिडी श्रेणी के सिलेंडर पर 4.21 रुपया का कमीशन वर्तमान कीमतों में शामिल कर उपभोक्ताओं से ही वसूला जाएगा।
घरेलू एलपीजी वितरण से जुड़े डिस्ट्रीब्यूटर बीते लंबे समय से वर्तमान में निर्धारित घरेलू व व्यवसायिक सिलेंडरों पर तय कमीशन दर को नाकाफी बताते हुए इस बढ़ाने की मांग कर रही थी।
फेडरेशन पदाधिकारियों का कहना था कि वर्तमान में घरेलू सिलेंडरों पर प्रति सिलेंडर 37 रुपया और व्यवसायिक पर 45 रुपया तक ही कमीशन मिलता है।
लगातार बढ़ रही महंगाई व अन्तर्राष्ट्रीय बाजार के आधार पर तय होने वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की वर्तमान कमीशन दर से एजेंसी संचालन का खर्च तक निकालना मुश्किल हो रहा है।
डीलरों ने वर्तमान कमीशन दर को एकमुश्त 60 रुपया तक बढ़ाने की मांग केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय से की थी।
लेकिन इसे नकारते हुए फिलहाल मंत्रालय ने घरेलू एलपीजी के सब्सिडी व नॉन सब्सिडी 14.2 किग्रा की वर्तमान कमीशन दर को प्रति सिलेंडर 3.46 और 4.21 रुपया एवं पांच किग्रा के छोटे सब्सिडी सिलेंडर पर 1.73 और नॉन सब्सिडी पर 2.10 रुपया की बढ़ोत्तरी को ही लागू किया है।
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष डीपी सिंह ने डीलर कमीशन की वर्तमान दरों में तत्काल प्रभाव से बढ़ोत्तरी की जानकारी देते हुए बताया कि इसका भार सिलेंडरों की वर्तमान कीमतों पर भी पड़ेगा।
तेल कंपनियां कमीशन की बढ़ी हुई दर के बाद निर्धारित होने वाली घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की नयी दर का निर्धारण मंगलवार सुबह तक घोषित करेगी।