लखनऊ। मड़ियांव इलाके में रहने वाली किशोरी को काम दिलाने का झांसा देकर शादीशुदा युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसे दो अलग-अलग होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी। कहा कि किसी से शिकायत की तो उसे जान से मार देगा। इसी बीच किशोरी का व्यवहार घर में बदला हुआ देख मां ने पूछताछ की तो वारदात की जानकारी हुई। पीड़िता को लेकर मां-पिता थाने पहुंचे। जहां किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक, सीतापुर जनपद निवासी एक सुरक्षाकर्मी अपने परिवार संग मड़ियांव इलाके में रहता है। उसके पड़ोस में ही चार बच्चों का पिता एजाज भी अपने परिवार संग रहता है। पीड़िता के पिता सुरक्षाकर्मी का आरोप है कि एजाज काफी समय से उनकी 17 साल की बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था। पीड़िता ने एजाज की इस हरकत की शिकायत भी उसके परिवारीजनों से की थी। इस बात पर नाराज एजाज ने पीड़ित को धमकी भी दी थी। पीड़िता के पिता के मुताबिक, उनकी नाबालिग बेटी कुछ दिनों से गुमसुम थी। बेटी के इस बदले हुए व्यवहार पर मां की नजर पड़ी तो उन्होंने बेटी से बातचीत की। पहले तो वह कुछ बोलने के लिए राजी नहीं हुई। लेकिन उसे काफी समझाया गया तो किशोरी ने परिवारीजनों को पूरी वारदात के बारे में जानकारी दी। जिसे सुनने के बाद परिवारीजनों के होश उड़ गए।
गुडंबा व जानकीपुरम के होटलों में वारदात को दिया अंजाम
किशोरी के मुताबिक 6 अप्रैल को एजाज उसको काम दिलाने के बहाने से गोमतीनगर स्थित एक होटल लेकर गया। वहां पर कुछ देर रुकने के बाद मालिक के ना होने की बात कहते हुए वापस घर तक छोड़ गया। इसके बाद फिर 11 अप्रैल को एजाज किशोरी को जानकीपुरम इलाके में स्थित एक होटल लेकर गया। आरोप है कि वह पर किशोरी को जबरन शराब पिलाई और फिर उसके साथ दुराचार किया। इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपित ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद 21 अप्रैल को फिर आरोपित किशोरी को ब्लैकमेल कर गुडंबा इलाके में एक होटल बुलाकर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। किशोरी के साथ हुई इस हैवानियत के बारे में पता चलने के बाद रविवार को उसके पिता ने मड़ियांव कोतवाली में आरोपित एजाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी अलीगंज अली अब्बास के मुताबिक दुष्कर्म सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।