कानपुर के बिधनू बुधवार रात बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में आरोपी ने जब जुर्म कुबूली तो लोगों का खून खौल उठा।
तीन साल की बच्ची से बलात्कार करने के आरोपी दरिंदे जीतेंद्र उर्फ जैतू ने हैवानियत की सारी हदें लांघ दीं। उसने शुक्रवार को पुलिस के सामने बताया कि पहले बच्ची की हत्या कर दी थी और बाद में उसके शव के साथ बलात्कार किया।
फिर शव खेत में छोड़कर अपने घर चला गया था। उसकी हैवानियत सुनकर लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के सामने ही उसे पीट दिया। पुलिस ने उसे किसी तरह बचाया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
एसपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि बिधनू के एक गांव में जैतू अपने पड़ोसी की बच्ची को बुधवार रात सोते समय उठा ले गया था। गुरुवार सुबह बच्ची का शव पास के खेत में मिला।
पुलिस ने चार संदिग्धों को उठाया था और गुरुवार देर रात जैतू ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। जैतू ने बताया कि बुधवार को उसने दोस्तों के साथ दोपहर 12 बजे और शाम चार बजे शराब पी।
इसके बाद घर के बाहर पड़ी चारपाई पर सो गया। रात 12 बजे उठा और पड़ोस में रहने वाले किसान की बच्ची को सोते समय गोद में उठा कर चल दिया।
वह बच्ची को खेत की तरफ ले जा रहा था तभी वह जग गई और रोने लगी। उसे चुप कराने की कोशिश की, नहीं मानी तो पहले गला और फिर मुंह दबा दिया। इससे बच्ची मर गई। शव लेकर वह खेत में पहुंचा और वहां बलात्कार किया। फिर चुपचाप घर आकर अपनी चारपाई पर सो गया।